नई दिल्ली, चांदनी चौक: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार शाम राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा लालकिले से शुरू होकर फतेहपुरी मस्जिद तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, नागरिक और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस गौरवपूर्ण यात्रा का नेतृत्व चांदनी चौक से सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा, *“यह तिरंगा यात्रा हमारे वीर जवानों को सम्मान देने का प्रतीक है। पाकिस्तान की कायराना हरकत का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक नेस्तनाबूद किया गया है। यह यात्रा राष्ट्र की एकता, संकल्प और सेनाओं के अद्वितीय पराक्रम को समर्पित है।”
कार्यक्रम में क्लॉथ मार्केट व्यापार समिति के प्रधान श्री गोपाल गर्ग ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा, *“देश की सेना हमारे गौरव की पहचान है। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। चांदनी चौक का हर नागरिक सेना के सम्मान में एकजुट होकर राष्ट्रभक्ति की मिसाल पेश कर रहा है। यह यात्रा सिर्फ परेड नहीं, बल्कि एक संकल्प है – देश, जवान और तिरंगे के लिए।”
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज, जयकारों की आवाज और हाथों में लहराते तिरंगे, चांदनी चौक को देशभक्ति के रंग में रंगते नजर आए। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की यह गूंज पूरे देश में तिरंगा यात्राओं के माध्यम से वीर जवानों के अदम्य साहस को सलाम कर रही है।